पटियाला: भारत और बेलारूस के बीच औद्योगिक विनिर्माण, कृषि प्रौद्योगिकी और शैक्षणिक क्षेत्र में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से नई दिल्ली स्थित बेलारूस दूतावास में एक उच्च स्तरीय राजनयिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में बेलारूसी दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन सर्गेई त्रोत्सयुक और जीजीबीए ग्लोबल के अंतर्राष्ट्रीय विकास निदेशक जशनजीत सिंह धालीवाल शामिल हुए।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच यूरेशियाई क्षेत्र में आर्थिक साझेदारी और जन-जन के संपर्क को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा हुई, जो बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साझे विजन के अनुरूप है।
जशनजीत सिंह धालीवाल ने उत्तर भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने के लिए चंडीगढ़ में बेलारूस का एक नया महावाणिज्य दूतावास (कॉन्स्युलेट जनरल) खोलने का औपचारिक प्रस्ताव रखा। यह कार्यालय दक्षिण भारत के लिए मुंबई स्थित महावाणिज्य दूतावास और नई दिल्ली स्थित मुख्य दूतावास के साथ मिलकर काम करेगा।
बेलारूस की विश्व प्रसिद्ध ट्रैक्टर तकनीक को भारत में पुनः लाने के लिए स्थानीय असेंबलिंग और विनिर्माण साझेदारी की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई, जिससे ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को भी बढ़ावा मिलेगा। धालीवाल ने कहा, “हमारी यह बातचीत यूरोप और एशिया में द्विपक्षीय विजन को वास्तविक आर्थिक परियोजनाओं में बदलने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर है। बेलारूस की प्रतिष्ठित तकनीक को भारत, विशेष रूप से पंजाब जैसे क्षेत्रों की औद्योगिक और कृषि क्षमता से जोड़कर हम पारस्परिक विकास का एक नया खाका तैयार कर रहे हैं।”
previous post
