पटियाला- “मेहता की पुकार, मिलावट को इंकार” अभियान के तहत जिला योजना कमेटी के चेयरमैन तेजिंदर मेहता की ओर से डेयरी विकास विभाग के सहयोग से श्री खाटू श्याम मंदिर, मिश्री बाजार में दूसरा दूध शुद्धता जांच कैंप लगाया गया। कैंप में लोगों ने अपने घरों से दूध के सैंपल लाकर मौके पर उनकी जांच करवाई।
तेजिंदर मेहता ने कहा कि दूध हर परिवार के रोजाना भोजन का अहम हिस्सा है और इसकी गुणवत्ता के बारे में उपभोक्ताओं का जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को दूध की गुणवत्ता और शुद्धता के बारे में जागरूक करना है। अभियानों को शुरू करने के साथ-साथ उनका लगातार फॉलोअप भी जरूरी है और इसी के तहत लगातार दूसरा कैंप लगाया गया है।
डिप्टी डायरेक्टर पशु पालन पटियाला डॉ. सोनिंदर कौर ने कहा कि दूध की गुणवत्ता के बारे में उपभोक्ताओं में जागरूकता पैदा करना जरूरी है और ऐसे कैंप इस दिशा में सहायक हैं।
डिप्टी डायरेक्टर डेयरी विकास पटियाला डॉ. दलवीर कुमार ने बताया कि कैंप में दूध के कुल 30 सैंपल टेस्ट किए गए, जिनमें से 4 सैंपल मानकों के अनुसार और 26 सैंपल मानकों से कम पाए गए। मानकों से कम पाए गए सैंपलों में 15 से 40 प्रतिशत तक पानी की मात्रा पाई गई। उन्होंने बताया कि दो सैंपलों में रासायनिक अंश पाए गए।
इस मौके पर वेटरनरी अधिकारी डॉ. रोहताश मित्तल, डेयरी विकास इंस्पेक्टर कुलविंदर सिंह और डेयरी विकास इंस्पेक्टर लखमीर सिंह के अलावा धर्म सेवक नरेश कुमार काका, हिंदू नेता रविंदर सिंगला, सोनम बांसल, वैरागी वेलफेयर बोर्ड के जिला चेयरमैन जगदीश सिंह बावा, आम आदमी पार्टी के जिला सोशल मीडिया इंचार्ज सुमित टकेजा, युवा नेता सुरिंदर निक्कू, राहुल सेठी, गौरव छाबड़ा और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
