पटियाला- पटियाला वासियों को घरों में इस्तेमाल किए जा रहे दूध की गुणवत्ता के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से जिला योजना समिति के चेयरमैन तेजिंदर मेहता द्वारा शुरू किए गए “मेहता की पुकार, मिलावट को इनकार” अभियान का आज तेजबाग कॉलोनी स्थित उनके कैंप कार्यालय में आगाज़ किया गया। इस अवसर पर पहला “दूध शुद्धता जांच शिविर” लगाया गया, जिसमें इलाके के लोगों ने अपने घरों में इस्तेमाल किए जा रहे दूध के सैंपल लाकर मुफ्त जांच करवाई।
अभियान के आगाज़ के अवसर पर पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, विभाग के डायरेक्टर डॉ. वरियाम सिंह और संयुक्त डायरेक्टर डॉ. परमपाल सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिविर से जुड़े। उन्होंने जनहित में चेयरमैन तेजिंदर मेहता द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों की सराहना की और विभाग की ओर से सहयोग जारी रखने की बात कही।
इस अवसर पर चेयरमैन तेजिंदर मेहता ने कहा कि दूध हर परिवार के रोजाना आहार का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसकी गुणवत्ता के बारे में जानना हर उपभोक्ता का अधिकार है। उन्होंने कहा कि “मेहता की पुकार, मिलावट को इनकार” अभियान का उद्देश्य किसी व्यक्ति, डेयरी या दूध विक्रेता को निशाना बनाना नहीं, बल्कि लोगों को अपने घर में इस्तेमाल किए जा रहे दूध की गुणवत्ता के बारे में जानकारी देना और उन्हें जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा खुद सैंपल लाकर जांच करवाना इस अभियान के प्रति उनकी रुचि को दर्शाता है।
मेहता ने कहा कि जो लोग अपने इलाके में “दूध शुद्धता जांच शिविर” लगवाने के इच्छुक हैं, वे टीम तेजिंदर मेहता से संपर्क कर सकते हैं। लोगों की मांग के अनुसार डेयरी विकास विभाग के साथ तालमेल करके शिविर लगाने के प्रबंध किए जाएंगे।
डेयरी विकास विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. दलबीर कुमार ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 58 दूध के सैंपलों की जांच की गई। उन्होंने बताया कि जांच किए गए सैंपलों में रासायनिक मिलावट वाला कोई सैंपल नहीं मिला, लेकिन पानी की मात्रा वाले सैंपलों की संख्या अधिक रही। उन्होंने बताया कि मिलावट संबंधी रिपोर्ट उपभोक्ताओं को दे दी गई है। यदि वे चाहें तो स्वास्थ्य विभाग के पास शिकायत कर सकते हैं।
अभियान के आगाज़ के अवसर पर डॉ. रोहताश मित्तल, इंस्पेक्टर लखमीर सिंह, इंस्पेक्टर कुलविंदर सिंह, हरकीरत सिंह, जिला लेबोरेटरी एसोसिएशन के प्रधान मोहित गुप्ता, आम आदमी पार्टी के जिला सोशल मीडिया इंचार्ज सुमित टकेजा, बहावलपुर विरासत मंच के कन्वीनर एस.के. तनेजा, समाजसेवी राजीव कुमार राव, विनोद गोयल, संजय कपूर, गुरनाम सिंह फौजी, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता भूपिंदर सिंह वड़ैच, युवा नेता सुरिंदर निक्कू, गौरव छाबड़ा, राहुल सेठी, गगन पांधी, अतुल गोयल, वेरका पटियाला से परमिंदर सिंह, गुरशरण सिंह और इलाके के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
