पटियाला- गुरबख्श कॉलोनी स्थित महादेव मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट के हॉल में भारतीय जनता पार्टी की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें पंजाब महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष बीबा जय इंदर कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर मोती महल के वफादार और शहर के प्रमुख युवा नेता सौरव शर्मा को गुरु नानक नगर मंडल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
मुख्य अतिथि बीबा जय इंदर कौर ने अपने संबोधन में कहा कि सौरव शर्मा लंबे समय से जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं और युवाओं में उनकी अच्छी पकड़ है। उन्होंने कहा कि पार्टी को पूरा विश्वास है कि सौरव शर्मा के नेतृत्व में गुरु नानक नगर मंडल और अधिक मजबूती से कार्य करेगा तथा संगठन को नई दिशा मिलेगी।
जिला भाजपा अध्यक्ष विजय कुमार कूका ने भी सौरव शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि वे वफादार, मेहनती और समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने हर चरण में पार्टी के लिए डटकर काम किया है और युवा वर्ग को पार्टी से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है।
उल्लेखनीय है कि सौरव शर्मा का राजनीतिक सफर कैप्टन अमरिंदर सिंह से जुड़ा रहा है। जब कैप्टन कांग्रेस में थे, उस समय सौरव शर्मा ब्लॉक यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। बाद में जब कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब लोक कांग्रेस का गठन किया, तो 2022 के पंजाब विधानसभा चुनावों के दौरान सौरव शर्मा ने पीएलसी उम्मीदवारों के लिए दिन-रात प्रचार किया। इसके बाद वे कैप्टन के साथ ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए और तब से पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष सौरव शर्मा ने अपने संबोधन में कैप्टन अमरिंदर सिंह, परनीत कौर, बीबा जय इंदर कौर, जिला अध्यक्ष विजय कुमार कूका और पार्टी हाईकमान का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी लगन और ईमानदारी से निभाते हुए पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएंगे।
समारोह के दौरान भाजपा के जिला महासचिव संजीव शर्मा हैप्पी, वरिष्ठ नेता गुरविंदर कौंसिल, युवराज शर्मा जस्सोवाल, पायल मोदगिल, वनीत सहगल, अमरजीत भट्टी, नीतू तथा सौरव शर्मा की टीम के सदस्य संजीव कुमार बबला, नारायण दत्त, विनोद बाली, अनमोल चोपड़ा, कमल मरकन, रोहित शर्मा, अमित कुमार मीती, विक्रम गुजराती, बाल कृष्ण, राजू वीला, बंटी, सतनाम सिंह, हिमांशु शर्मा, महेश कुमार, गौरव नरियाल, नीरज शर्मा सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान सभी नेताओं ने नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मंडल संगठनात्मक रूप से नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।
