पटियाला– जिला योजना कमेटी पटियाला के चेयरमैन तेजिंदर मेहता ने पटियाला के प्रसिद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक और लोक-सांस्कृतिक त्यौहार वामन द्वादशी के सुचारू और सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित बनाने के लिए डिप्टी कमिश्नर पटियाला को पत्र लिखकर संबंधित विभागों को आवश्यक प्रबंध करने संबंधी निर्देश जारी करने की मांग की है। वामन द्वादशी इस वर्ष 23 सितंबर को मनाई जा रही है।
मेहता ने अपने पत्र में कहा कि वामन द्वादशी पटियाला की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण त्यौहार है। सनौरी अड्डा स्थित श्री वामन अवतार मंदिर इसका मुख्य धार्मिक केंद्र है, जबकि धार्मिक झांकियां और शोभा यात्राएं निकालने की पुरानी परंपरा भी इससे जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि टिप्परी के प्रदर्शन इस त्यौहार की विशिष्ट पहचान हैं, जो पटियाला की लोक-परंपरा को आज भी जीवित रखे हुए हैं।
चेयरमैन मेहता ने मांग की कि पुलिस, नगर निगम, अग्निशमन, स्वास्थ्य, बिजली तथा अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर ट्रैफिक की सुचारू व्यवस्था, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा, शोभा यात्राओं के मार्गों पर प्रबंध, अग्नि सुरक्षा, सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइटों तथा चिकित्सा सहायता के उचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग की योजना भी पहले से तैयार की जाए ताकि श्रद्धालुओं, शहरवासियों, दुकानदारों और राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मेहता ने आगे कहा कि धर्मार्थ बोर्ड के अधीन संचालित श्री वामन अवतार मंदिर की साफ-सफाई, सजावट और रोशनी के विशेष प्रबंध किए जाएं। उन्होंने बताया कि मंदिर का जीर्णोद्धार कार्य जारी है और मूर्तियों वाले स्थान पर इस समय लैंटर नहीं है। इसलिए बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वहां अस्थायी छत का उचित प्रबंध भी किया जाए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिला प्रशासन त्यौहार के अवसर पर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करेगा।
